लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
युवाओं से कानून व्यवस्था में भागीदारी और जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग का आह्वान
सीआई पूरण सिंह राजपुरोहित बोले— अफवाहों से बचें, साइबर अपराध के प्रति रहें सतर्क, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत दें सूचना
राजसमंद। जिले के कुंवारिया थाना परिसर में थाना अधिकारी सीआई पूरण सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में यूथ सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पुलिस और युवाओं के बीच संवाद, विश्वास और समन्वय को मजबूत बनाते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनसहभागिता बढ़ाना रहा।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने वर्तमान सामाजिक एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करते हुए युवाओं से अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, जनसुरक्षा से जुड़े सुझाव देने तथा समाज में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से करें पोस्ट
सीआई पूरण सिंह राजपुरोहित ने युवाओं से कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। उन्होंने कहा कि एक झूठी सूचना समाज में भ्रम और तनाव की स्थिति पैदा कर सकती है, इसलिए सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी और संयम के साथ किया जाना चाहिए।
उन्होंने युवाओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
पुलिस व्यवस्था की दी जानकारी
बैठक के दौरान युवाओं को थाना परिसर की कार्यप्रणाली, अपराध पंजीयन प्रक्रिया, अनुसंधान प्रणाली, कंट्रोल रूम व्यवस्था, जनसुनवाई प्रणाली तथा पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। युवाओं ने पुलिस अधिकारियों से संवाद कर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सवाल पूछे और सुझाव भी साझा किए।
जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान
पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को कानून के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाने तथा समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रेरित किया।
बैठक के अंत में कुंवारिया पुलिस ने कस्बेवासियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में एएसआई बलबीर सिंह, एएसआई रामफल मीणा, हेड कांस्टेबल युवराज सिंह मीणा, महिला कांस्टेबल रानी सहित पुलिसकर्मी एवं बड़ी संख्या में यूथ सीएलजी सदस्य मौजूद रहे। युवा प्रतिनिधियों में प्रदीप दाधीच, मनीष लोहार, देवीलाल जाट सहित अनेक युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।












































