लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। (बृजकिशोर पारीक) नगर निगम द्वारा शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से 12 जून से 15 जुलाई 2025 तक “शहरी सेवा शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना और लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान करना है।
समाजसेवी तेज कंवर सांखला ने इस जनहितकारी शिविर के आयोजन के लिए नगर निगम आयुक्त राहुल जैन का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके निर्देशों के बाद यह अभियान प्रारंभ किया गया।
इस अवसर पर समाजसेवी तेज कंवर सांखला ने आयुक्त राहुल जैन को दुपट्टा ओढ़ाकर एवं हनुमान चालीसा की पुस्तक भेंट कर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि मीडिया बंधुओं को इन शिविरों का नियमित रूप से अवलोकन करना चाहिए ताकि जनता की समस्याओं और समाधान की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन नागरिकों के कार्य पूर्ण हो रहे हैं, उनकी सकारात्मक खबरें प्रकाशित की जाएं, वहीं जिन मामलों में देरी हो रही है, वहां संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी सामने लाई जाए। इससे प्रशासन और जनता के बीच पारदर्शिता बढ़ेगी।
समाजसेवी सांखला ने बताया कि आयुक्त राहुल जैन स्वयं चाहते हैं कि मीडिया के माध्यम से जमीनी हकीकत सामने आए, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सके। आज के शिविर में यह भी देखा गया कि भीड़ और अधिकारियों की कमी के कारण कई बार नागरिकों को उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पाता।
उन्होंने कहा कि हर नागरिक के लिए सीधे आयुक्त से मिलना संभव नहीं होता, ऐसे में मीडिया जनता और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य कर सकता है। मीडिया की रिपोर्टिंग से वास्तविक स्थिति सामने आने पर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है।
आज का शिविर पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क, प्रताप नगर में आयोजित किया गया। समाजसेवी ने मीडिया से अपील की कि वे नियमित रूप से शिविर में उपस्थित रहकर जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इन शिविरों का लाभ मिल सके।













































