लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी का गुरुवार को जोधपुर के मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में शुभारंभ हुआ।
प्रदर्शनी का उद्घाटन संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों का अवलोकन किया तथा आमजन से अधिकाधिक संख्या में प्रदर्शनी देखने का आह्वान किया।
मंत्री पटेल ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी मिलेगी। यह आयोजन विकास यात्रा को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
प्रदर्शनी में आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण, कृषि, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं सुशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों को आकर्षक एवं तथ्यपरक तरीके से प्रदर्शित किया गया है।
यह प्रदर्शनी 12 से 14 जून 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
















































