मेरी सरकार—सबसे अच्छी सरकार, इस भावना के साथ जाए आमजन के बीच:— अजेय कुमार

0
31
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया, आईटी, सोशल मीडिया एवं प्रवक्ता-पैनेलिस्टों की संगठनात्मक बैठक आयोजित

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय जयपुर में भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग, प्रवक्ता-पैनेलिस्ट, आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने मीडिया, प्रवक्ता, आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत संगठनात्मक चर्चा की तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।

बैठक को संबोधित करते हुए अजेय कुमार ने कहा कि संगठनात्मक विचारों के सतत आदान-प्रदान से संगठन को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रवक्ताओं एवं मीडिया से जुड़े कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे भाजपा की नीतियों, विचारधारा और संगठन के कार्यों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाएं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे “मेरी सरकार—सबसे अच्छी सरकार” की भावना को लेकर चौपालों, जनसंवाद कार्यक्रमों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि संगठन हित की बातों को प्राथमिकता दें तथा संगठन के निर्णयों को सर्वोपरि मानते हुए कार्य करें।

अजेय कुमार ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के संविधान एवं संगठनात्मक मर्यादाओं के अनुरूप कार्य करता है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और किसान हितैषी योजनाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिनकी जानकारी आमजन तक पहुंचाई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और कूटनीतिक रणनीति के कारण भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी विभाग के पदाधिकारियों को तथ्यात्मक, सकारात्मक और प्रभावी संवाद के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और प्रभावी संवाद में निहित होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी विभाग संगठन की विचारधारा, नीतियों और जनहितकारी कार्यों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से तथ्यपरक, सकारात्मक एवं जिम्मेदार संवाद को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता के बीच पार्टी की रीति-नीति और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन के सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए भाजपा को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, आईटी विभाग प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी, सोशल मीडिया विभाग प्रदेश संयोजक हिरेंद्र कौशिक, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा, विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप धनकड़ सहित पार्टी के प्रवक्ता, पैनेलिस्ट, आईटी और सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here