लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीपलू । प्रदेश में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी ने जनजीवन के साथ-साथ वन्यजीवों और पक्षियों के लिए भी संकट खड़ा कर दिया है। तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचने के बाद अब बेजुबान पक्षी भी लू और तेज गर्मी से बचने के लिए सुरक्षित ठिकानों की तलाश कर रहे हैं।
इसी के चलते राष्ट्रीय पक्षी मोर अब खेतों और पेड़ों को छोड़ ग्रामीण इलाकों में घरों के भीतर शरण लेने लगे हैं।
पानी और छांव की तलाश में घरों तक पहुंच रहे मोर
गौ सेवक नरेश कुरेडा के अनुसार चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण मोर बेहद सुस्त और प्यासे दिखाई दे रहे हैं। पानी और ठंडी छांव की तलाश में वे गांवों के आंगन और बरामदों में पहुंच रहे हैं।
सोमवार को पीपलू उपखंड के ग्राम कुरेडा में ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जहां दोपहर करीब 2 बजे कई मोर गर्मी से परेशान होकर घरों के अंदर घुस गए और छांव में बैठकर राहत पाने का प्रयास करते नजर आए।
वन्यजीव प्रेमियों ने की पानी की व्यवस्था की अपील
ग्रामीणों और पशु-पक्षी प्रेमियों ने लोगों से अपील की है कि भीषण गर्मी के इस दौर में पक्षियों और जानवरों के लिए घरों के बाहर पानी के बर्तन रखें, ताकि उन्हें राहत मिल सके। साथ ही पेड़-पौधों के संरक्षण और जल स्रोतों को बचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया जा रहा है।

















































