लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कलेक्ट्रेट पर नारेबाजी, मटकी फोड़कर जताया विरोध
नागौर | (प्रदीप कुमार डागा) जिला कांग्रेस कमेटी नागौर की ओर से नीट पेपर लीक, बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर नागौर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पानी-बिजली संकट, भीषण गर्मी में आमजन की परेशानियों और चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। कार्यकर्ताओं ने मटकी फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया और आमजन से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक मामले ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, जबकि लगातार बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई नियंत्रण और बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है।
प्रदर्शन में मनीष मिर्धा सहित कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















































