लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
तीन जीप और एक ऑटो जब्त, करीब सवा लाख रुपए का जुर्माना वसूला
रिपोर्ट: मनोज कुमार योगी
नैनवां/बूंदी। राजस्थान परिवहन विभाग ने अवैध डग्गेमार यात्री वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन जीप और एक ऑटो को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान करीब सवा लाख रुपए का जुर्माना भी वसूला गया।
जिला परिवहन अधिकारी सौम्या शर्मा के निर्देशन में परिवहन निरीक्षक धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में नैनवां कस्बे के मुख्य मार्गों पर औचक जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
तीन जीप थाने में जब्त
परिवहन विभाग की टीम ने अवैध रूप से सवारी ढो रही तीन जीपों के खिलाफ चालान बनाकर उन्हें नैनवा थाना में जब्त कराया। इन वाहनों पर करीब एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।
अचानक हुई कार्रवाई से अवैध यात्री वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया और कई वाहन चालक रास्ते बदलते नजर आए।
ओवरलोड ऑटो भी सीज
कार्रवाई के दौरान उड़न दस्ते ने एक ऑटो को भी पकड़ा, जिसमें निर्धारित बैठक क्षमता से अधिक दस यात्रियों को बैठाकर परिवहन किया जा रहा था। विभाग ने ऑटो को डीटीओ कार्यालय बूंदी में सीज कर दिया।
बताया गया कि ऑटो में बैठे बच्चों को विभागीय उड़न दस्ते के वाहन से सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया गया।
विभागीय टीम रही मौजूद
इस कार्रवाई के दौरान विभागीय कार्मिक देवराज प्रजापति, रघुवीर सिंह हाड़ा और कैलाश चंद मीणा भी मौजूद रहे। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध यात्री वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।




















































