शारदा बाल निकेतन विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित 

0
75
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 RAS व असिस्टेंट प्रोफेसर चयनित प्रतिभाओं का हुआ अभिनंदन
नागौर (प्रदीप कुमार डागा) नागौर स्थित शारदा बाल निकेतन विद्यालय के सभागार में पूर्व छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाल ही में RAS एवं असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

यह समारोह आदर्श शिक्षण संस्थान के संरक्षक भोजराज सारस्वत के सानिध्य एवं प्रबंध समिति अध्यक्ष केवलराज बच्छावत की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य गेनाराम गुरु ने बताया कि पूर्व छात्र महेंद्र नाथ सिद्ध, महेंद्र इनानिया एवं प्रतिभा चारण का RAS में तथा गुंजन अरोड़ा का असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन हुआ है।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत एवं वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों ने चयनित प्रतिभाओं को साफा, अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।

प्रेरणादायक संदेश

मुख्य वक्ता हेमंत जोशी ने कहा कि सफलता के लिए संकल्प शक्ति का मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कार, अनुशासन और गुरुजनों के मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

असिस्टेंट प्रोफेसर बनीं गुंजन अरोड़ा ने विद्यार्थियों को करियर चयन में अपने व्यक्तित्व और रुचि को ध्यान में रखने की सलाह दी। वहीं RAS चयनित महेंद्र नाथ सिद्ध ने कहा कि अच्छी संगत और अनुभवी लोगों का मार्गदर्शन व्यक्ति के विकास में अहम भूमिका निभाता है।

महेंद्र इनानिया ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय के संस्कारों को अपनी सफलता का आधार बताया और विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत व धैर्य रखने का संदेश दिया। प्रतिभा चारण ने कहा कि केवल अंक ही सफलता का मापदंड नहीं हैं, बल्कि संस्कार और सतत प्रयास व्यक्ति को महान बनाते हैं।

समारोह में विद्यालय परिवार, प्रबंध समिति के पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आचार्य पल्लवी ने किया, जबकि इंदु चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। अंत में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर एसजीएफआई में सॉफ्टबॉल खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का भी सम्मान किया गया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here