हाउस होल्ड सर्वे अभियान की खुली पोल, टीचर्स की जगह दूसरे कर रहे हैं काम

0
58
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पीपलू (टोंक) | रिपोर्ट – लोक टुडे

पीपलू उपखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुरेडा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे हाउस होल्ड सर्वे अभियान में शिक्षकों की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। आरोप है कि शिक्षक खुद घर-घर सर्वे करने के बजाय यह काम पुराने छात्रों से करवा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, एक पुराने छात्र ने खुलासा करते हुए बताया कि उसे विद्यालय के शिक्षक लक्ष्मीकांत विजयवर्गीय द्वारा गांव में घर-घर जाकर सर्वे करने के लिए भेजा गया था। यह सर्वे शिक्षा से वंचित बच्चों की पहचान और नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

अभियान पर उठे सवाल

गौरतलब है कि नया शिक्षा सत्र 1 अप्रैल से शुरू हो चुका है, जबकि इससे पहले 27 मार्च से जिलेभर में हाउस होल्ड सर्वे अभियान शुरू किया गया था। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य था कि शिक्षक स्वयं गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करें और बच्चों को सरकारी स्कूलों में प्रवेश के लिए प्रेरित करें।

लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके उलट नजर आ रही है। जब शिक्षक अपनी जिम्मेदारी खुद निभाने के बजाय यह काम अन्य लोगों या छात्रों को सौंप देते हैं, तो अभियान की गंभीरता पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।

नामांकन पर भी असर

विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी लापरवाही का सीधा असर सरकारी स्कूलों में घटते नामांकन पर पड़ता है। सरकार लगातार नामांकन बढ़ाने के लिए नए-नए प्रयास और लक्ष्य निर्धारित कर रही है, लेकिन यदि जिम्मेदार ही अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर नहीं होंगे, तो योजनाएं धरातल पर सफल नहीं हो पाएंगी।

वीडियो वायरल, खुली पोल

इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। यह तो एक मामला है जो सामने आ गया, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि कई स्थानों पर इसी तरह की लापरवाही हो रही है, जहां शिक्षक घर बैठे ही सर्वे पूरा दिखा देते हैं।

❓ जिम्मेदार कौन?

अब बड़ा सवाल यह है कि जब जिम्मेदार ही अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लेंगे, तो शिक्षा व्यवस्था कैसे सुधरेगी? क्या विभाग इस मामले में कार्रवाई करेगा या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा?

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here