लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के “भागीरथ प्रयासों” से राजस्थान में जल उपलब्धता सुनिश्चित हुई है और डबल इंजन सरकार ने दो वर्षों में प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
रिफाइनरी और मेट्रो जैसी बड़ी सौगातें
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सतीश पूनिया ने बताया कि केंद्र सरकार ने राजस्थान को दो बड़ी परियोजनाएं दी हैं—पचपदरा रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो फेज-2।
उन्होंने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी (लगभग 79,459 करोड़ रुपये लागत) का उद्घाटन 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे, जिससे पश्चिमी राजस्थान में रोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
जयपुर मेट्रो फेज-2 (41 किमी) परियोजना सीतापुरा से वीकेआई तक कनेक्टिविटी देगी और इसकी लागत लगभग 13,037 करोड़ रुपये है, जिसमें केंद्र का भी योगदान रहेगा।
जल परियोजनाओं पर विशेष फोकस
उपमुख्यमंत्री बैरवा ने बताया कि 95,000 करोड़ रुपये की रामजल सेतु लिंक परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। नवनेरा बैराज और ईश्वरदा बांध का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अन्य कार्यों पर 9,416 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इससे पूर्वी राजस्थान के 17 जिलों को लाभ मिलेगा और लगभग 3 करोड़ आबादी को फायदा पहुंचेगा।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत दो वर्षों में 15 लाख ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है, जिस पर 11,440 करोड़ रुपये खर्च हुए।
ऊर्जा और कृषि क्षेत्र में प्रगति
ऊर्जा क्षेत्र में 1.93 लाख करोड़ रुपये के निवेश से 42,438 मेगावाट उत्पादन के लिए एमओयू किए गए हैं। पीएम कुसुम योजना में राजस्थान अग्रणी राज्य बना है और सौर ऊर्जा उत्पादन में भी प्रदेश पहले स्थान पर है।
पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 76 लाख किसानों को 12,410 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।
आवास और स्वच्छता में उपलब्धियां
पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 2.14 लाख आवास पूर्ण किए गए, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के तहत 2.91 लाख व्यक्तिगत और 5,027 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण हुआ।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण राजस्थान हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।




















































