लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। पंचायत समिति अलीगढ़ के सभागार में देवली-उनियारा विधायक राजेन्द्र गुर्जर की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं।
जनसुनवाई के दौरान विधायक ने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि समस्याओं का समय पर निस्तारण हो सके।
इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं, सड़क निर्माण और स्वच्छता सहित कई समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी पूजा मीणा, ककोड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष महावीर गुर्जर, अलीगढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष महावीर पालीवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





















































