लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर (नितिन मेहरा)। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिला कलेक्टर लोक बंधु के निर्देश पर रसद विभाग की टीम ने किशनगढ़ क्षेत्र में छापेमारी कर 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।
विशेष अभियान के तहत कार्रवाई
जिला रसद अधिकारी नीरज कुमार जैन ने बताया कि घरेलू सिलेंडरों के कमर्शियल उपयोग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके चलते प्रवर्तन निरीक्षक अंकिता जैन के नेतृत्व में टीम गठित कर विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया गया।
इन स्थानों पर पड़े छापे
टीम ने रामनेर चौराहा, रेलवे स्टेशन और स्कूल क्षेत्रों में स्थित कई होटलों व ठेलों पर कार्रवाई की। इनमें फैज होटल, असलम टी शॉप, बालाजी छोले-कुलचे, राहुल छोले-कुलचे, जय माता दी नाश्ता, चौधरी टी स्टॉल, राजशाही स्पेशल, बाबू भाई टी स्टॉल, करणी कृपा टी स्टॉल और न्यू चाट होटल गेस्ट हाउस शामिल हैं।
दुकानदारों में मचा हड़कंप
अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रसद विभाग ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग कानूनन अपराध है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
जब्त सिलेंडरों के मामले में संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।























































