लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
1100 से अधिक स्कूल जुड़े, 25 स्कूलों को मिला सर्टिफिकेट
जयपुर। रिलायंस जियो ने जियो इंस्टीट्यूट के साथ मिलकर राजस्थान में ‘एआई-रेडी स्कूल’ अभियान की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य राज्य के स्कूलों में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना और छात्रों को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करना है। अब तक प्रदेश के 1100 से अधिक स्कूल इस अभियान से जुड़ चुके हैं।
इस कार्यक्रम के तहत छात्रों और शिक्षकों को चार सप्ताह का निःशुल्क ऑनलाइन कोर्स कराया जा रहा है। इसमें आधुनिक एआई टूल्स जैसे Gemini, ChatGPT और Adobe Express के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कोर्स में एआई की बुनियादी समझ, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग और डिजिटल कंटेंट निर्माण जैसी तकनीकों पर विशेष जोर दिया गया है।
जो स्कूल अपने 100 या उससे अधिक छात्रों से यह कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करवाते हैं, उन्हें जियो इंस्टीट्यूट की ओर से ‘एआई-रेडी स्कूल’ प्रमाणपत्र प्रदान किया जाता है। अब तक राजस्थान के 25 से अधिक स्कूलों को यह प्रमाणपत्र मिल चुका है।
इसके अलावा, जियो के अनलिमिटेड 5जी प्लान का उपयोग करने वाले ग्राहकों को 35,100 रुपये मूल्य का 18 माह का जेमिनी प्रो प्लान निःशुल्क दिया जा रहा है। इस पैक में 2 टीबी क्लाउड स्टोरेज के साथ वीडियो निर्माण, रिसर्च और फोटो डिजाइनिंग के लिए एडवांस एआई टूल्स की सुविधा भी शामिल है।
यह पहल राजस्थान में शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल क्रांति को नई दिशा देने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


















































