लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान का निर्यात सेक्टर निरंतर प्रगति कर रहा है। डीजीसीआई, भारत सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 की पहली छमाही में ही राज्य से 50 हजार 900 करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात दर्ज किया गया है।
वर्ष 2024-25 में राजस्थान का कुल निर्यात 97 हजार 171 करोड़ रुपये रहा, जो वर्ष 2023-24 के 83 हजार 704 करोड़ रुपये की तुलना में 13 हजार 467 करोड़ रुपये अधिक है। यह वृद्धि राज्य सरकार की नीतिगत पहल और निर्यातकों को दी जा रही सुविधाओं का परिणाम है।
राजस्थान की प्रमुख निर्यातक वस्तुओं में इंजीनियरिंग उत्पाद, रत्न एवं आभूषण, धातु, वस्त्र और हस्तशिल्प शामिल हैं, जिनका कुल निर्यात में 67 प्रतिशत से अधिक योगदान है। वर्ष 2024-25 में रत्न एवं आभूषण क्षेत्र से 17 हजार 567 करोड़ रुपये, अभियांत्रिकी क्षेत्र से 19 हजार 849 करोड़ रुपये तथा वस्त्र क्षेत्र से 9 हजार 700 करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात हुआ। धातु और हस्तशिल्प क्षेत्र में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
कृषि एवं खाद्य उत्पाद निर्यात को बढ़ावा देने के लिए बजट 2026-27 में राष्ट्रीय स्तर पर ‘कॉन्क्लेव ऑन स्पाइसेज’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, 2 हजार कृषकों, प्रोसेसर्स और निर्यातकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। वर्ष 2024-25 में कृषि एवं खाद्य उत्पाद निर्यात 7 हजार 195 करोड़ रुपये से अधिक रहा।
राज्य सरकार द्वारा लागू राजस्थान निर्यात प्रोत्साहन नीति-2024 के माध्यम से निर्यात प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है। सिंगल विंडो क्लियरेंस, दस्तावेजीकरण सहायता, गुणवत्ता प्रमाणन, विपणन सहयोग और उत्पाद परीक्षण प्रोत्साहन जैसी सुविधाओं से राजस्थान की वैश्विक व्यापार में स्थिति और मजबूत हो रही है।













































