लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी। समदड़ी क्षेत्र के देवड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं के लिए वार्षिक उत्सव एवं विदाई समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यालय परिवार ने सभी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
शिक्षकों ने अपने संबोधन में छात्रों को अनुशासन, मेहनत और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, अभिभावक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। आयोजन सफल और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।

भामाशाहों में निराशा
कार्यक्रम के दौरान, विकास अधिकारी करणाराम चौधरी की मौजूदगी में यह देखा गया कि विद्यालय विकास में योगदान देने वाले भामाशाहों को मंच पर स्थान नहीं दिया गया, जबकि उपसरपंच और वार्ड प्रतिनिधियों को मंच पर बैठने का अवसर मिला।
इससे भामाशाह स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे थे। ग्रामीणों ने कहा कि समाजसेवा और शिक्षा क्षेत्र में योगदान देने वाले भामाशाहों को सम्मानजनक स्थान देना चाहिए, ताकि वे भविष्य में भी प्रेरित होकर विद्यालय विकास में सहयोग कर सकें।















































