लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
अंता (शफीक मंसूरी) — अंता विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार को भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के नामांकन के दौरान पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत पारीक ने दावा किया कि भाजपा इस उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन निर्वाचित होकर इतिहास रचेंगे।
प्रदेश प्रवक्ता पारीक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा संसदीय दल ने पार्टी के एक साधारण कार्यकर्ता को टिकट देकर यह साबित किया है कि संगठन में बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी विधायक का दावेदार बन सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने क्षेत्रवासियों की मांग पर उन्हीं के बीच के कार्यकर्ता को मैदान में उतारा है, अब उन्हें विजयश्री दिलवाने की जिम्मेदारी जनता की है।
पारीक ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया है जिन पर दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय भरत सिंह ने भी उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे।
उन्होंने कहा कि मांगरोल-अंता क्षेत्र में भाजपा के शासनकाल में भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुबीर सिंह कौशल, पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी सहित अन्य नेताओं के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास की गंगा बही है। भाजपा सरकारों ने कृषि, सिंचाई, सड़क, आधारभूत ढांचा, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। केंद्र और राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाएं भी आमजन तक आसानी से पहुंची हैं।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी पर पारीक ने आरोप लगाया कि उन्होंने दो बार मंत्री रहते हुए भ्रष्टाचार किया और अवैध खनन में लिप्त रहे। पारीक ने कहा कि कांग्रेस अब जनता के मन से उतर चुकी है और अंता की जनता ने इस बार कमल खिलाने का मन बना लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि मोरपाल सुमन की जीत निश्चित है और भाजपा उपचुनाव में नया इतिहास रचेगी।















































