उनियारा में कांग्रेस का महामंथन: आगामी चुनावों के लिए बैठक

0
49
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

उनियारा (दुर्योधन मयंक)। आगामी निकाय एवं पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर उनियारा स्थित अग्रवाल धर्मशाला में कांग्रेस पदाधिकारियों, ब्लॉक एवं मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद हरीश चंद्र मीणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

ऑनलाइन आवेदन से होगा टिकट वितरण, सिफारिश नहीं चलेगी: हरीश मीणा

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद हरीश चंद्र मीणा ने टिकट वितरण प्रक्रिया को लेकर पार्टी की मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि आगामी चुनावों में पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे और किसी भी प्रकार की सिफारिश या दबाव की राजनीति को महत्व नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि टिकट उसी कार्यकर्ता को मिलेगा जिसकी जनता के बीच मजबूत पकड़, साफ-सुथरी छवि और संगठन के प्रति निष्ठा होगी।

गुटबाजी छोड़ एकजुट होकर बनाना है कांग्रेस का बोर्ड

कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए सांसद मीणा ने कहा कि यह समय व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं और गुटबाजी का नहीं, बल्कि कांग्रेस को मजबूत करने का है। उन्होंने कहा कि उनियारा नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनाना पार्टी का प्रमुख लक्ष्य है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की विफलताओं को जनता के बीचले जाने तथा कांग्रेस की नीतियों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

अपने संबोधन में सांसद मीणा ने कांग्रेस शासनकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देवली-उनियारा क्षेत्र सहित टोंक-सवाई माधोपुर संसदीय क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कांग्रेस सरकार की देन हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, सड़कों के विकास, चिकित्सालयों की क्रमोन्नति और पेयजल परियोजनाओं का लाभ आम जनता को मिला।

टोंक रेल लाइन के लिए संसद में उठा रहे आवाज

सांसद ने कहा कि टोंक जिला मुख्यालय को रेल नेटवर्क से जोड़ने की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर वे लगातार संसद में आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र की यह महत्वपूर्ण मांग भविष्य में पूरी होगी।

शिक्षा मंत्री के स्पष्टीकरण पर सांसद का पलटवार

सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर शिक्षा मंत्री द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण पर भी सांसद हरीश मीणा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और निजता का हवाला देना केवल बहाना है। वास्तविकता यह है कि सरकार स्कूलों की बदहाल स्थिति, शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को जनता से छिपाना चाहती है।

सांसद ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया समाज का आईना है और सरकारी संस्थानों में इस प्रकार की पाबंदियां सरकार की जवाबदेही पर सवाल खड़े करती हैं।

बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस पदाधिकारी

बैठक में विधायक प्रत्याशी कस्तूर चंद मीणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाशचंद धाकड़, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष मोनिका गुर्जर, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि गुलाब चंद मीणा, पूर्व उपप्रधान नंदकिशोर साहू, जगदीश बैरवा, अमान खान, दिनेश पाटोदी, कमरुद्दीन खान, राधेश्याम मेरुठा, श्रीराम गोयल, पुष्करदत्त खिंची, तस्लीम खान सहित युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई और विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन लोकेश जोशी ने किया। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने आगामी निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here