लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई:
रिपोर्टर: बृजकिशोर पारीक | लोकेशन: जोधपुर, राजस्थान
जोधपुर, राजस्थान। जोधपुर की महामंदिर थाना पुलिस ने संगठित अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उदयपुर के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर नरेश और उसके साथी अमन वाल्मीकि को गिरफ्तार किया है। दोनों एक हार्डकोर अपराधी की हत्या की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्टल, दो कारतूस और एक क्रेटा कार भी बरामद की है।
पुलिस को श्मशान घाट से मिला सुराग
आरोपी जोधपुर में कई दिनों तक श्मशान घाट में छिपकर रह रहा था। उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर पड़ी। बीट कांस्टेबल प्रकाश ने इस सूचना को विकसित किया, जिसके बाद DCP पी.डी. नित्या की मॉनिटरिंग में कार्रवाई की गई।
हिस्ट्रीशीटर नरेश पर 50 हजार का इनाम
उदयपुर निवासी नरेश के खिलाफ 37 मामले दर्ज हैं और उदयपुर पुलिस ने उस पर 50,000 रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। दूसरा आरोपी अमन के खिलाफ 6 केस दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ धारा 111 के तहत भी कार्रवाई की गई है जो संगठित अपराधियों पर लगती है।
किसकी हत्या की प्लानिंग थी?
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी उदयपुर के ही हार्डकोर अपराधी प्रवीण कसेटा की हत्या की साजिश रच रहे थे।
प्रवीण कसेटा अंबामाता थाने का हिस्ट्रीशीटर है। 
हथियार MP से लाए
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मध्यप्रदेश से अवैध हथियार खरीदकर लाते थे और अपनी गैंग बनाकर काम कर रहे थे। हथियारों को FSL जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के अनुसार, संगठित अपराधियों के खिलाफ लगातार एक्शन लिया जा रहा है।
बीट कांस्टेबल प्रकाश की सतर्कता को देखते हुए उसका नाम गैलेंट्री अवार्ड के लिए भेजा जा रहा है।
कार्रवाई में महामंदिर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवड़ा सहित पुलिस टीम शामिल रही।















































