लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
नशे से दूरी बनाकर समाज में तंबाकू मुक्त वातावरण बनाने में योगदान दें युवा: सीएमएचओ डॉ. गुर्जर
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत शुक्रवार को जिलेभर में विद्यालयों और चिकित्सा संस्थानों में “तंबाकू निषेध शपथ” कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों, शिक्षकों, चिकित्सा कर्मियों और आमजन ने तंबाकू सेवन न करने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों से बचाने की शपथ ली।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश गुर्जर ने कहा कि तंबाकू का कोई भी रूप — बीड़ी, सिगरेट, गुटखा या खैनी — शरीर के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में तंबाकू मुक्त वातावरण बनाने का आह्वान किया।
ग्रामीण क्षेत्रों में आशा, एएनएम और स्वास्थ्य टीमों ने घर-घर जाकर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की बीमारियों के खतरों से अवगत कराया।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रवीण झरवाल ने बताया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही तंबाकू मुक्त समाज का सपना साकार हो सकता है। यह अभियान 8 दिसम्बर तक चलेगा, जिसके अंतर्गत जनजागरूकता रैलियाँ, प्रतियोगिताएँ और स्वास्थ्य वार्ताएँ आयोजित की जाएँगी।













































