लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। कलेक्ट्री सर्कल, बनीपार्क स्थित श्री जंगलेश्वर महादेव मंदिर में शिव परिवार का सहस्रघट जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक महोत्सव भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से संपन्न हुआ। महोत्सव के दौरान विद्वान आचार्यों एवं पंडितों ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक कराया।
कार्यक्रम में कमलेश ढींगरा, मीनू, अनिल ढींगरा, राजेश नागपाल, अर्जुन, मनन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तों ने भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, दूध एवं गंगाजल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय शिव शंभू’ के जयकारों से गूंज उठा।

अनुष्ठान के अवसर पर भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती, गणेश जी, कार्तिकेय जी एवं नंदी महाराज का फूलों और आभूषणों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक के पश्चात मंदिर में महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार विशेष अवसरों पर सहस्रघट जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की जाती है।



















































