- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
• होटल सनसिटी फायरिंग का आरोपी प्रदीप छींपा उर्फ पीसी नाकाबंदी में पकड़ा गया
जयपुर, ।बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक हेमन्त शर्मा के निर्देश पर नशाखोरी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चूरू जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरदारशहर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और महेन्द्र डेलाना गैंग के सक्रिय सदस्य को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है।
प्रदीप छींपा उर्फ पीसी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप छींपा उर्फ पीसी (21) निवासी गाजूसर के रूप में हुई है। यह कार्रवाई एसपी जय यादव के निर्देशानुसार जिले में सघन अभियान के तहत की गई। अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार एवं वृताधिकारी कुलदीप वालिया के निर्देशन में किया जा रहा था।
रविवार को थानाधिकारी मदन लाल बिश्नोई के सुपरविजन में एएसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बुकलसर फांटा के पास नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने और छिपने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम प्रदीप छींपा उर्फ पीसी बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया, जिसे जब्त कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी जय यादव ने बताया कि आरोपी स्वयं को गैंगस्टर रोहित गोदारा और महेन्द्र डेलाना गैंग का सक्रिय सदस्य बताता है और संगठित रूप से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी प्रदीप छींपा का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में पुलिस थाना कोतवाली चूरू क्षेत्र स्थित होटल सनसिटी में हुई फायरिंग की घटना में भी आरोपी रह चुका है। पुलिस के अनुसार यह फायरिंग गैंगस्टर रोहित गोदारा और महेन्द्र डेलाना के निर्देशों पर की गई थी। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और गैंग नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।
- Advertisement -


















































