लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री ने राजस्थान फाउंडेशन के विभिन्न चैप्टर्स की बैठक ली, नियमित बैठकें आयोजित करने के दिए निर्देश
जयपुर। (रितु मेहरा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को राजस्थान फाउंडेशन के विभिन्न चैप्टर्स के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजस्थान फाउंडेशन प्रदेश और प्रवासी राजस्थानियों के बीच मजबूत सेतु के रूप में कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राजस्थान फाउंडेशन के विभिन्न चैप्टर्स की बैठकें समय-समय पर आयोजित की जाएं, ताकि प्रवासी राजस्थानियों के सुझाव, अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ प्रदेश के विकास में लिया जा सके।
प्रवासी राजस्थानियों से संवाद पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और विदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में रह रहे प्रवासी राजस्थानी प्रदेश की सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उनके अनुभव और विशेषज्ञता को राजस्थान के विकास से जोड़ने के लिए निरंतर संवाद आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को चैप्टर्स के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने और उनके सुझावों को प्राथमिकता के साथ देखने के निर्देश दिए।
आठ चैप्टर्स के प्रतिनिधि वीसी से जुड़े
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं राजस्थान फाउंडेशन के आठ चैप्टर्स के प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
बैठक में फाउंडेशन की गतिविधियों, प्रवासी राजस्थानियों से समन्वय तथा प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान फाउंडेशन को प्रवासी राजस्थानियों की क्षमताओं और प्रदेश की विकास आवश्यकताओं के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य करना चाहिए।



















































