लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दो दिवसीय निरीक्षण में आईपीडी, ओपीडी, लेबर रूम, लैब सहित छह विभागों की व्यवस्थाएं परखी
डग, झालावाड़। झालावाड़ जिले के डग ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कछनारा में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAS) के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर का निरीक्षण किया गया। दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय स्तर से पहुंची टीम ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता को परखा।
निरीक्षण टीम में डॉ. वसंत पटेल, अहमदाबाद (गुजरात) और सोनिया रानी, पानीपत (हरियाणा) शामिल रहे। इस दौरान जिला नोडल अधिकारी NQAS एवं उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी झालावाड़ डॉ. अरविंद नागर भी मौजूद रहे।
छह विभागों की व्यवस्थाएं परखी
जिला उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद नागर ने बताया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम के तहत पीएचसी कछनारा का निरीक्षण दो दिनों में पूरा हुआ। इस दौरान टीम ने स्वास्थ्य केंद्र के छह प्रमुख विभागों का निरीक्षण किया।
टीम ने आईपीडी, ओपीडी, लेबर रूम, लैब सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और संचालित किए जा रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, व्यवस्थाओं और गुणवत्ता मानकों का भी मूल्यांकन किया गया।
तीन माह से चल रही थी तैयारियां
अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय स्तर के निरीक्षण को लेकर पीएचसी कछनारा के समस्त स्टाफ की ओर से पिछले तीन माह से तैयारियां की जा रही थीं। कर्मचारियों ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं और सेवाओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इससे पीएचसी में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और विस्तार होगा तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
चिकित्सा स्टाफ रहा मौजूद
निरीक्षण के दौरान डॉ. राजकुमार बाघेला, बीसीएमओ डग, डॉ. हर्षित सैनी, महेश पारेता, नर्सिंग ऑफिसर श्याम प्रजापत सहित पीएचसी का समस्त चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ी आशा सहयोगिनियां और एएनएम भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहीं।



















































