लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मरम्मत नहीं हुई तो प्रदर्शन की चेतावनी
रिपोर्ट : सत्यनारायण सेन गुरला
गुरला। रगसपुरिया से रामपुरिया, ओझागर होते हुए बांसड़ा तक जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो-तीन वर्षों से सड़क जर्जर हालत में है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क पर आवाजाही जोखिमभरी हो जाती है। ग्रामीणों का दावा है कि आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं और गिरने जैसी घटनाओं का सामना कर रहे हैं। इस मार्ग से आसपास के गांवों के हजारों लोगों का आवागमन होता है।
कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर प्रशासन तथा क्षेत्रीय विधायक को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे क्षेत्रवासियों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर प्रशासन कब इस समस्या को गंभीरता से लेगा। उनका कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते मरम्मत कराई जानी चाहिए।
प्रदर्शन की चेतावनी
सड़क की बदहाली को लेकर जनप्रतिनिधि सिंटू खारोल, गुर्जर महासभा जिला मंत्री उदयलाल गुर्जर, समाजसेवी भैरू सिंह, भैरू गुर्जर, प्रभुलाल, रामलाल खारोल, चांदमल, राजूलाल, रतनलाल, किशनलाल, शोभालाल बलाई, भैरू सालवी, राधेश्याम सालवी सहित अन्य ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
तत्काल सर्वे और पुनर्निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क का तत्काल सर्वे करवाने, गड्ढों को भरने और सड़क का आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सड़क पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की भी मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।




















































