लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोकेशन-पीसांगन,अजमेर
स्थानीय संवाददाता-ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन थाना क्षेत्र के भड़सुरी गांव में अज्ञात कारणों से खेतों में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से 7 किसानों के खेतों की मेड़ पर उगी घास और चारा जलकर राख हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार भड़सुरी गांव के श्रवण गुर्जर, पूसा गुर्जर, कालूलाल गुर्जर, सांवरलाल गुर्जर, प्रभुलाल गुर्जर, लक्ष्मणराम गुर्जर व सुखदेव गुर्जर के खेतों व मेड़ पर अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मेड़ पर उगी घास व चारे को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही पीसांगन थानाधिकारी पारुल यादव ने तत्काल एक्शन लेते हुए थाने से हैड कांस्टेबल रामाकिशन भांबू, कांस्टेबल गोपाललाल खटखड़ व धर्मासिंह रावत को मौके पर भेजा।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से पानी के टैंकर मंगवाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक आग से काफी नुकसान हो चुका था। 7 किसानों का बड़ी मात्रा में घास व चारा जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस ने मौका मुआयना कर पंचनामा तैयार किया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।
आगजनी की घटना से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासक प्रतिनिधि बलदेव गुर्जर ने प्रशासन से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।




















































