लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गुर्जर की थड़ी से सोडाला की ओर करीब 1 किलोमीटर क्षेत्र में चला अभियान, चबूतरे-सीढ़ियां समेत अन्य अतिक्रमण हटाए
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की प्रवर्तन शाखा ने सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट के आदेशों की पालना में जोन-सी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान गुर्जर की थड़ी से सोडाला की ओर जाने वाली 100 फीट रोड की सड़क सीमा में किए गए अतिक्रमण हटाए गए।
जेडीए के उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा के निर्देशन में प्रवर्तन दल ने करीब 1 किलोमीटर क्षेत्र में कार्रवाई की। सड़क सीमा के दोनों ओर बने चबूतरे, सीढ़ियां और अन्य अस्थायी व स्थायी अतिक्रमण जेसीबी मशीनों तथा मजदूरों की सहायता से हटाए गए।
सड़क सीमा से हटाए अतिक्रमण
कार्रवाई के बाद सड़क सीमा को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। जेडीए अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य सड़क की निर्धारित सीमा को खाली कराना और यातायात एवं सार्वजनिक आवागमन के लिए उपलब्ध क्षेत्र को बहाल करना था।
पुलिस जाप्ते और तकनीकी स्टाफ की मौजूदगी
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल और स्थानीय पुलिस जाप्ता तैनात रहा। संबंधित जोन के राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ ने भी प्रवर्तन दल के साथ कार्रवाई में सहयोग किया। अभियान प्रवर्तन शाखा के अधिकारियों की मौजूदगी में पूरा किया गया।
जेडीए की इस कार्रवाई को हाईकोर्ट के आदेशों की अनुपालना के तहत की गई कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।




















































