नेत्रदान को लेकर युवा भी दिखा रहे जागरूकता

0
33
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

मां की पुण्यतिथि पर लिया नेत्रदान का संकल्प

चौमहला (झालावाड़)। जिले के चौमहला क्षेत्र में नेत्रदान को लेकर लोगों में जागरूकता लगातार बढ़ती जा रही है। “हमारा प्रयास हर आंख प्रकाश” संकल्प के तहत शाइन इंडिया फाउंडेशन द्वारा लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इसी क्रम में शाइन इंडिया फाउंडेशन के नेत्र ज्योति मित्र अमित अग्रवाल ने चौमहला निवासी युवा राहुल नरेश पासी का नेत्रदान संकल्प पत्र भरवाया। संकल्प लेने वाले राहुल पासी ने बताया कि उनकी माताजी स्वर्गीय उमादेवी पासी की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्होंने यह पुण्य कार्य करने का संकल्प लिया है।

उन्होंने कहा कि नेत्रदान एक महान और पुण्य कार्य है। यदि हम मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद को रोशनी दे सकें तो इससे बड़ी मानव सेवा कोई नहीं हो सकती। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे आगे आकर नेत्रदान जैसे कार्यों के प्रति लोगों को जागरूक करें और किसी के अंधेरे जीवन में रोशनी लाने का प्रयास करें।

इस अवसर पर फाउंडेशन की ओर से राहुल पासी को नेत्रदान संकल्प पत्र एवं नेत्रदान से संबंधित जानकारी पत्र प्रदान कर उनका आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भामाशाह अंगदान संकल्पित जगदीश अग्रवाल, व्यापार महासंघ संयोजक दिलीप जैन, पंकज गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

नेत्र ज्योति मित्र अमित अग्रवाल ने बताया कि शाइन इंडिया आई फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. कुलवंत गौड़ के प्रयासों से प्रदेश में हजारों की संख्या में नेत्रदान हो चुके हैं, जिससे हजारों लोगों को नई रोशनी मिली है। उन्होंने बताया कि चौमहला क्षेत्र में भी नेत्रदान के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है और समाजसेवियों के सहयोग से आगे भी नेत्रदान एवं अंगदान के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here