लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद सभापति संतोष टाक ने विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अलग-अलग सफाई सर्किलों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर मौजूद कर्मचारियों से क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सभापति ने अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को सफाई कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। कहीं भी कचरा जमा नहीं होने दिया जाए और एकत्रित कचरे का समय पर उचित निस्तारण किया जाए।
सभापति ने संबंधित कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के लिए नगर परिषद के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए जमीनी स्तर पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पार्षद मनीष कच्छावा, भरत टाक, पन्नालाल भाटी और रोहित सोनी सहित नगर परिषद के कर्मचारी एवं हुक्मीचंद टाक मौजूद रहे। सभापति ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।























































