लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विकास कार्यों की दी सौगात
नागौर/जयपुर।(रितु मेहरा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार सुबह नागौर जिले के तिलानेश गांव में रात्रि विश्राम के बाद प्रातः भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गांव की गलियों, खेतों और सार्वजनिक स्थलों का दौरा कर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।
मुख्यमंत्री सबसे पहले खेतों में पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों के साथ फसलों का निरीक्षण किया और खेती की वर्तमान स्थिति, सिंचाई व्यवस्था, कृषि लागत तथा किसानों की समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने किसानों के साथ खेत में उतरकर निराई-गुड़ाई भी की। मुख्यमंत्री ने किसानों से उन्नत एवं प्राकृतिक खेती अपनाने, आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग करने और केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।
महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों से किया संवाद
प्रातः भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री गांव की गलियों में पैदल पहुंचे और घर-घर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं से स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, आजीविका एवं राजीविका गतिविधियों पर चर्चा की। वहीं युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों पर बातचीत की। बुजुर्गों से सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलारते हुए चॉकलेट वितरित की और उनकी पढ़ाई व भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली। उनके बीच मुख्यमंत्री को पाकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
गांवों के समग्र विकास पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में सहकारिता की शाखाएं स्थापित कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही राजीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
शिवसागर तालाब पर किया पौधारोपण
‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने गांव के शिवसागर तालाब की पाल पर पौधारोपण किया और ग्रामीणों से भी प्रत्येक परिवार द्वारा एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। इसके बाद उन्होंने श्री चारभुजानाथ जी एवं वीर तेजाजी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
तिलानेश के विकास के लिए कई घोषणाएं
गांव की चौपाल पर ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने तिलानेश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने गांव में पुस्तकालय सह अटल ज्ञान केंद्र की स्थापना, रामसरी गांव से जोबनेर-बुटाटी राज्य राजमार्ग तक 1.18 करोड़ रुपये की लागत से डामर सड़क निर्माण तथा शिवसागर तालाब के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार की घोषणा की।
इसके अलावा ग्रामीणों द्वारा जलभराव सहित अन्य स्थानीय समस्याएं उठाए जाने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से धरातल पर उतारना है। गांवों का समग्र विकास, किसानों की समृद्धि, महिलाओं का सशक्तीकरण, युवाओं को अवसर और आमजन का विश्वास ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, विधायक अजय सिंह किलक, लक्ष्मण राम कलरू, रेवंतराम डांगा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


















































