लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कालेसरा में 11 हजार केवी लाइन से खेत में लगी आग, किसान को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान
पीसांगन, अजमेर।
स्थानीय संवाददाता—ओमप्रकाश चौधरी
पीसांगन उपखंड क्षेत्र के कालेसरा गांव में 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत में गिरने से ज्वार की सूखी फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फसल को चपेट में ले लिया। हादसे में किसान की लाखों रुपये की ज्वार की फसल जलकर राख हो गई।
निवर्तमान प्रधान दिनेश नायक के अनुसार अजमेर निवासी बाबूलाल नायक के खेत में कालेसरा निवासी रामरतन सेल ने सांझे पर ज्वार की फसल बोई थी। हाल ही में फसल की कटाई की गई थी। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। तार में करंट होने के कारण सूखी ज्वार की फसल ने तुरंत आग पकड़ ली।
ग्रामीणों ने पानी से बुझाने का किया प्रयास
खेत में आग लगने की सूचना मिलते ही निवर्तमान प्रधान दिनेश नायक, किसान रामरतन सेल, रामस्वरूप थारोल, नाथू तेली सहित आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद खेत के समीप भरे बरसाती नाड़े के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया गया।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसान की पूरी ज्वार की फसल जल चुकी थी। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आगजनी से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
बिजली विभाग से रखरखाव की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने मांग की कि क्षेत्र से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की नियमित जांच और समय पर रखरखाव किया जाए, ताकि जर्जर तारों के टूटने से भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
ग्रामीणों ने पीड़ित किसान को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग भी की है। फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना के कारणों और नुकसान का जायजा ले रहे हैं।




















































