हनुमान बेनीवाल का हमला: स्वास्थ्य मंत्री को बताया गैर जिम्मेदार, निजीकरण पर उठाए सवाल

0
26
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

  

नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने गुरुवार को अपने नागौर स्थित आवास पर जनसुनवाई की, जिसमें विभिन्न जिलों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं।

स्वास्थ्य सेवाओं और निजीकरण पर कड़ा विरोध

जनसुनवाई के दौरान सांसद ने राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में लैब सेवाओं के निजीकरण का कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि लैब कार्य एक निजी कंपनी को सौंपना और संविदा कर्मियों को हटाना जन स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।

सांसद ने इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था “वेंटिलेटर” पर है और आम जनता को बुनियादी उपचार तक सही तरीके से नहीं मिल पा रहा।

उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस फर्म को लैब कार्य दिया गया है, वह मंत्री के करीबी से जुड़ी है। साथ ही निजी डायग्नोस्टिक कंपनी पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए, जिनमें बिना जांच रिपोर्ट जारी करना और स्वस्थ लोगों को गंभीर बीमार घोषित करना शामिल है।

बेनीवाल ने स्वास्थ्य मंत्री को “नकारा और गैर जिम्मेदार” बताते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की और मुख्यमंत्री से भी इस संबंध में सवाल उठाए।

अन्य मुद्दे भी उठे जनसुनवाई में

जनसुनवाई के दौरान फार्मासिस्ट भर्ती संघर्ष समिति के अभ्यर्थियों ने नए पद सृजन, मेरिट आधारित भर्ती और संविदा कर्मियों को हटाने के विरोध में ज्ञापन सौंपा। सांसद ने इन मांगों को संबंधित स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया।

पंकज सोनी हत्याकांड का मामला

मेड़ता सिटी में हुए पंकज सोनी हत्याकांड को लेकर मृतक के परिजनों ने भी सांसद से मुलाकात की। परिजनों ने जांच में देरी और कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की। इस पर सांसद ने उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की।

सांसद ने कहा कि वे जनहित से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाते रहेंगे और जनता के साथ खड़े रहेंगे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here