लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा/गुरलां। (सत्यनारायण सेन) ग्राम गुरलां स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल (बड़ा) में 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम पुरोहित के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम के प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षकों के महत्व को रेखांकित करने के साथ-साथ शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को बढ़ावा देना रहा। शिक्षक दिवस एवं जन्माष्टमी के दोहरे उत्सव के चलते विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
महंत पुनीत दास त्यागी की ओर से विशेष सहयोग
कार्यक्रम में टेकरी के हनुमान जी, हनुमान चौकी आश्रम, गुरलां के महंत पुनीत दास त्यागी की ओर से विशेष सहयोग प्रदान किया गया। उनकी ओर से कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही महंत पुनीत दास त्यागी की प्रेरणा से गुरलां ग्राम के सभी पांच स्कूलों में विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ के लिए केले का प्रसाद वितरित करवाया गया।
इस पहल के लिए प्रधानाचार्य नीलम पुरोहित, विद्यालय प्रशासन और ग्रामवासियों ने महंत पुनीत दास त्यागी एवं हनुमान चौकी आश्रम के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक और धार्मिक सहयोग से विद्यार्थियों में सेवा, संस्कार और सम्मान की भावना को मजबूती मिलती है।
सभी के साझा सहयोग से शिक्षक दिवस एवं जन्माष्टमी का यह आयोजन हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





















































