लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सैकड़ों वर्षों पुरानी परंपरा का किया गया निर्वहन, महिलाओं-बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
गंगधार (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के गंगधार कस्बे के कहार मोहल्ले में नागपंचमी का पावन पर्व सैकड़ों वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुरूप श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर निकाले गए भव्य चल समारोह में महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
ग्राम पंचायत के वार्ड पंच मनोहर कहार ने बताया कि नागपंचमी पर्व पर प्रतिवर्ष समाज द्वारा विशेष आयोजन किए जाते हैं। देश के विभिन्न हिस्सों की तरह गंगधार में भी नाग देवता की शोभायात्रा एवं पारंपरिक चल समारोह निकाला गया, जिसमें धार्मिक झांकियां और पारंपरिक वाद्ययंत्र आकर्षण का केंद्र रहे।
जगह-जगह हुआ स्वागत, श्रद्धालुओं को कराया फलाहार
चल समारोह कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान कई स्थानों पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया तथा फलाहार की व्यवस्था की गई। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु जयकारों के साथ यात्रा में शामिल रहे।
इस अवसर पर हजारीबाग हनुमान मंदिर और रामानुज कोट में विशेष महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
एसएचओ और पत्रकार का किया सम्मान
आयोजन के दौरान गंगधार थाना प्रभारी (एसएचओ) का माल्यार्पण एवं पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया। वहीं क्षेत्र में पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए लोक टुडे के पत्रकार का भी सम्मान किया गया।
बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रकाश पटेल, शंकर कहार, मनोहर कहार, राजेश कहार, टिंकू कहार, संजय कहार, दीपक कहार, सुमित कहार, मोतीलाल कहार, विनोद कहार, रोहित कहार, कमलेश कहार, प्रहलाद कहार, विजय कहार सहित कहार समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा पूर्व सरपंच राजेश नीमा, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा, दिलीप मोरी, बंशीलाल राठौड़, हरिलाल राठौड़, हीरालाल वर्मा, प्रमोद निगम, डॉ. हरिओम शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।


















































