लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दिल्ली विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आशा सिंह रावत
ग्वालियर। ग्राम बसई, तहसील भितरवार, जिला ग्वालियर की प्रतिभाशाली शिक्षाविद् एवं संस्कृत विदुषी डॉ. आशा सिंह रावत को हिन्दी साहित्य सम्मेलन, प्रयागराज (इलाहाबाद) द्वारा उसकी **सर्वोच्च मानद उपाधि “संस्कृत महामहोपाध्याय”** से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें संस्कृत भाषा एवं साहित्य के प्रचार-प्रसार, उत्कृष्ट लेखन, संपादन तथा अकादमिक योगदान के लिए प्रदान किया गया।
वर्तमान में डॉ. रावत दिल्ली विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से ग्वालियर जिले सहित पूरे प्रदेश में हर्ष का वातावरण है।
डॉ. आशा सिंह रावत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा उत्कृष्ट अंकों के साथ पूर्ण करने के बाद शासकीय कमला राजा कन्या स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ग्वालियर से संस्कृत विषय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर दोनों परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने वर्ष 1999 एवं 2000 में लगातार दो बार यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण की तथा वर्ष 2006 में जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित होकर उन्होंने वर्ष 2009 से उच्च शिक्षा विभाग में अध्यापन कार्य प्रारंभ किया। वर्ष 2024-25 में वे कमला राजा कन्या महाविद्यालय, ग्वालियर में संस्कृत विभागाध्यक्ष रहीं तथा मार्च 2025 में दिल्ली विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर चयनित हुईं।
डॉ. रावत के निर्देशन में अब तक सात शोधार्थियों ने पीएचडी उपाधि प्राप्त की है, जबकि छह शोधार्थी वर्तमान में शोध कार्य कर रहे हैं। उनकी 11 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में 68 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत कर चुकी हैं। उनके 40 शोध पत्र एवं 10 शोध आलेख प्रतिष्ठित जर्नलों और ग्रंथों में प्रकाशित हो चुके हैं।
संस्कृत भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें पूर्व में भवभूति अलंकरण सम्मान (2008)** एवं साहित्य सम्मान (2018) सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। वर्तमान में वे कई यूजीसी केयर सूचीबद्ध शोध पत्रिकाओं के संपादक एवं परामर्श मंडल की सदस्य भी हैं।
डॉ. आशा सिंह रावत को प्राप्त यह सम्मान संस्कृत जगत एवं ग्वालियर क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।













































