लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक), लोक टुडे न्यूज नेटवर्क।
शहर के व्यस्ततम चौराहे पर राम रघुनाथ मंदिर के बाहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब गुजर रहे एक डीजे वाहन में विद्युत सर्विस लाइन फंसकर टूट गई।
जानकारी के अनुसार, मुख्य बाजार में रघुनाथ जी मंदिर के सामने से गुजर रहे डीजे वाहन में विद्युत पावर सप्लाई लाइन फंस गई, जिससे केबल बीच से टूटकर डीजे पर गिर गई। सौभाग्य से करंट का प्रवाह नहीं हुआ और डीजे के ऊपर लगी प्लास्टिक शीट के कारण बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विद्युत विभाग को कई बार कॉल करने के बावजूद कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। जल्दबाजी में डीजे चालक ने खतरा मोल लेते हुए रस्सी के सहारे केबल को पोल पर बांधकर गाड़ी रवाना कर दी। बुधवार सुबह तक टूटी हुई तार पोल से डोरी के सहारे लटकती रही।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर में वर्षों पहले लगाए गए विद्युत पोल अब सड़क की ऊँचाई बढ़ने के कारण नीचे रह गए हैं, जिससे तारों का जाल झूलता हुआ दिखाई देता है। ऐसे में इस तरह की घटनाएँ बार-बार हो रही हैं।
न्यू मार्केट अध्यक्ष रमेश जांगिड़ ने विद्युत विभाग से मांग की है कि सभी मुख्य मार्गों पर तारों को ऊँचाई पर व्यवस्थित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।


















































