लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कई वर्षों से जलभराव और गंदगी की समस्या से परेशान मोहल्लेवासी, जामा मस्जिद, आंगनवाड़ी और मदरसा भी इसी रास्ते पर
चौमहला/झालावाड़। स्वच्छता को लेकर प्रशासन और स्थानीय निकायों की ओर से किए जा रहे प्रयासों के बीच चौमहला में गंदगी और जलभराव की समस्या सामने आई है। ग्राम पंचायत कोलवी उर्फ मंडी राजेंद्रपुर, नगर चौमहला के वार्ड नंबर 13 और 17 में नालियों का गंदा पानी सड़कों और गलियों में जमा होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों की ओर से उपलब्ध कराए गए वीडियो में गली में नाली का गंदा पानी जमा दिखाई दे रहा है। मोहल्लेवासियों के अनुसार पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। इसी गली में जामा मस्जिद, आंगनवाड़ी केंद्र और मदरसा स्कूल भी संचालित होते हैं।
वर्षों से समस्या का स्थायी समाधान नहीं
मोहल्लेवासियों का कहना है कि जलभराव और नालियों की सफाई की समस्या नई नहीं है। पिछले कई वर्षों से वे इस समस्या का सामना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
बारिश के मौसम में जलभराव और गंदगी के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने गंदगी एवं जमा पानी से बीमारी फैलने की आशंका जताते हुए नियमित सफाई और नाली के पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता
मोहल्लेवासियों ने बताया कि इसी रास्ते पर आंगनवाड़ी केंद्र और मदरसा स्कूल संचालित होने के कारण छोटे बच्चों की आवाजाही भी रहती है। ऐसे में गंदगी और जलभराव से बच्चों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।
आम नागरिक समिति ने दी आंदोलन की चेतावनी
मामले को लेकर आम नागरिक समिति, चौमहला ने जिला प्रशासन से समस्या का संज्ञान लेकर जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है। समिति का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर अनशन करने का कदम उठाया जा सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर नालियों की सफाई, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था और नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने की मांग की है।





















































