लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
19 से 25 सितंबर तक पंचायत समिति सभागार में लगेंगे विशेष शिविर, 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी रहेंगे मौजूद
रियांबड़ी/नागौर। आमजन को सरकारी योजनाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रियांबड़ी में ‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 19 से 25 सितंबर तक पंचायत समिति सभागार में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर की अध्यक्षता एसडीएम विनीत कुमार सुखाड़िया ने की। वहीं विकास अधिकारी संजय शर्मा को शिविर प्रभारी बनाया गया है। कार्यक्रम में तहसीलदार अशोक कुमार, नायब तहसीलदार प्रेम कुमार ढेबाना, सहायक विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद सैनी और सहायक अभियंता राकेश कुमार मेहरिया सहित 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
एक ही स्थान पर मिलेंगी विभिन्न सरकारी सेवाएं
अभियान के तहत आयोजित विशेष शिविरों में आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी। विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं और आवेदन संबंधी कार्यों का निस्तारण करेंगे।
शिविर में सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक आमजन पहुंचकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। प्रशासन की ओर से अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार लाभ उठाने की अपील की गई है।
अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के साथ आमजन की समस्याओं का समाधान करने और सरकारी सेवाओं को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।





















































