भक्ति और आस्था के संग अखंड हरिकीर्तन का समापन 

0
18
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 रघुनाथजी की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

पादूकलां (प्रदीप कुमार डागा)। निकटवर्ती ग्राम लांपोलाई के ब्रह्मपुरी मोहल्ले स्थित प्राचीन रघुनाथजी मंदिर में कई दिनों से चल रहे अखंड हरिकीर्तन का रविवार को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

आयोजन समिति के तत्वावधान में मंदिर परिसर में आयोजित महायज्ञ में चार दंपतियों ने विश्व कल्याण, आत्मकल्याण तथा गांव की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां दीं। पंडित सत्यनारायण दाधीच ने गौरी-गणेश पूजन एवं भगवान रघुनाथजी की विधिवत पूजा-अर्चना करवाई तथा समस्त धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।

महायज्ञ एवं पूजन के पश्चात भगवान रघुनाथजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सुसज्जित रथ में विराजित भगवान की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। देर शाम शोभायात्रा मंदिर परिसर से रवाना होकर गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहां भक्त डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों और संकीर्तन के बीच नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग में “जय श्री रघुनाथजी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

शोभायात्रा में पुरुषों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई। समापन अवसर पर मंदिर के पुजारी गोपाल वैष्णव ने भगवान रघुनाथजी महाराज की विधि-विधान से महाआरती उतारी तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और भक्तों ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजन के सफल संचालन में आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here