सुवानिया में सरदार पटेल जयंती पर मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस 

0
16
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

विद्यालय से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक दौड़ लगाकर दिया एकता और देशभक्ति का संदेश, क्विज व चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

सुवानिया, नैनवां (बूंदी)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुवानिया में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान विशेष प्रार्थना सभा, ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ और विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई। इसके बाद शारीरिक शिक्षक नगेंद्र सनाढ्य के नेतृत्व में ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ आयोजित की गई। विद्यालय के प्राचार्य कमल कुमार मरमिट ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। शिक्षक जिनेंद्र जैन ने बताया कि विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विद्यालय परिसर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुवानिया तक दौड़ लगाकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।

सरदार पटेल और इंदिरा गांधी को दी श्रद्धांजलि

दौड़ के बाद विद्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों महान नेताओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

प्राचार्य कमल कुमार मरमिट ने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल और इंदिरा गांधी के योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम प्रभारी धर्मेंद्र नागर ने स्वतंत्रता आंदोलन में सरदार पटेल की भूमिका को याद किया। इतिहास व्याख्याता रिंकू जैन ने देशी रियासतों के एकीकरण में पटेल की निर्णायक भूमिका के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी।

वहीं, व्याख्याता राकेश नागर ने इंदिरा गांधी के जीवन परिचय और देश के विकास में उनके योगदान की जानकारी देते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

क्विज में बालिका समूह रहा विजेता, चित्रकला में निशा प्रथम

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सरदार पटेल और इंदिरा गांधी के जीवन एवं योगदान पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बालिका समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में निशा नागर प्रथम और आलिया बानो द्वितीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सुनील मीणा और नवल किशोर साहू ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में इंदिरा सोनी, रामप्रसाद सैनी, मोनू शर्मा, अजय मीणा, दुर्गाशंकर मीणा, मुकेश चौधरी, रिंकू जैन, जीतराम चौधरी, अरुणा सैन, रामसहाय मीणा, सीता शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here