यातायात पुलिसकर्मी से मारपीट के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

0
24
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन में नागौर पुलिस ने यातायात पुलिसकर्मी के साथ मारपीट एवं राजकार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, वृत्ताधिकारी नागौर जतिन जैन के निकटतम सुपरविजन तथा कोतवाली थाना प्रभारी वेदपाल शिवराण के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी देवेन्द्रनाथ (25) पुत्र भवरनाथ सिद्ध एवं गणेशनाथ (19) पुत्र तारनाथ सिद्ध, निवासी उपनी, थाना डूंगरगढ़, जिला बीकानेर को नागौर कस्बे से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया।

कोतवाली थाना प्रभारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि यातायात थाना नागौर में तैनात हेड कांस्टेबल कैलाश ईनाणियां ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनकी ड्यूटी गांधी चौक पर यातायात व्यवस्था संभालने में लगी हुई थी। इसी दौरान उन्होंने काले शीशों और लोहे के बंपर लगी एक पिकअप गाड़ी को रोककर दस्तावेजों की जांच की।

रिपोर्ट के अनुसार, चालक देवेन्द्रनाथ सिद्ध और उसके साथी गणेशनाथ सिद्ध वाहन के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस दौरान दोनों आरोपी पुलिसकर्मी को पिकअप में बैठाकर जबरन वाहन सहित बीकानेर रोड स्थित पुराने अस्पताल की ओर ले गए तथा कथित रूप से उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि एक आरोपी ने पुलिसकर्मी के हाथ और कलाई पर दांत से काटकर चोट भी पहुंचाई।

घटना के संबंध में पुलिस थाना कोतवाली नागौर में प्रकरण संख्या 183/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने त्वरित अनुसंधान करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त कर लिया।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here