लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
महन्त पुनीत दास त्यागी ने माला पहनाकर किया अभिनंदन, ग्राम पंचायत को भेंट की हनुमानजी की तस्वीर
गुरलां। (सत्यनारायण सेन) ग्राम गुरलां में टेकरी स्थित हनुमानजी मंदिर के महन्त पुनीत दास त्यागी महाराज के सान्निध्य में वृद्धजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में गांव के 60 महिला एवं पुरुष बुजुर्गों का माला पहनाकर और शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने बुजुर्गों का अभिनंदन कर उनका आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम के दौरान महन्त पुनीत दास त्यागी महाराज ने ग्राम पंचायत के बैठक हॉल के लिए हनुमानजी की भव्य तस्वीर भेंट की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास और खुशहाली पर हनुमानजी की कृपा सदैव बनी रहे।
समारोह में पहुंचे महन्त पुनीत दास त्यागी महाराज का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर कजोड़ी मल सेन ने महाराज को साफा पहनाकर उनका बहुमान किया। महाराज ने अपने संबोधन में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से सेवा, सद्भाव और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का आह्वान किया।
सम्मानित होने वाले बुजुर्गों में सत्यनारायण शर्मा, रामपाल शर्मा, नन्द किशोर त्रिपाठी, कैलाश सोनी, शंकर लाल सेन, उदयलाल सेन और प्रकाश चन्द्र दाधीच सहित अनेक महिला एवं पुरुष शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में सत्यनारायण सेन ने सभी बुजुर्गों का सम्मान करने की इस पहल के लिए महन्त पुनीत दास त्यागी महाराज का आभार व्यक्त किया। समारोह में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
























































