लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी
पादूकलां (नागौर)। ग्राम पंचायत बग्गड़ में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 22 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
शिविर के दौरान करीब 200 ग्रामीणों को जी-राम-जी योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
शिविर में एक पट्टा, एक मनरेगा जॉब कार्ड, तीन जन्म प्रमाण पत्र, दो मृत्यु प्रमाण पत्र तथा पांच आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा चिकित्सा विभाग की टीम ने लगभग 150 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी दी।
कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद सैनी, ग्राम विकास अधिकारी शारदा चौधरी, प्रशासक सुज्या देवी पंवार, प्रशासक प्रतिनिधि सुरेंद्र पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा किसी भी समस्या के लिए संबंधित विभागों से संपर्क करने की अपील की।















































