लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शिक्षा मंत्री को भेजा ज्ञापन, अंग्रेजी, हिंदी, गणित, विज्ञान और संस्कृत सहित सभी रिक्त पद भरने की मांग
नागौर/पादूकलां: नागौर जिले के पादूकलां क्षेत्र स्थित अरनियाला राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों और कर्मचारियों के कई पद लंबे समय से रिक्त होने के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है।
समाजसेवी कैलाश चंद फोफलिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डाक एवं ई-मेल के माध्यम से शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को ज्ञापन भेजकर विद्यालय के सभी रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय को उच्च माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत किए जाने के बावजूद आवश्यक शिक्षकों और कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की गई है। इसके चलते अंग्रेजी, हिंदी, गणित, विज्ञान, संस्कृत सहित कई विषयों की पढ़ाई नियमित रूप से प्रभावित हो रही है और छात्राओं का शैक्षणिक भविष्य दांव पर लगा हुआ है।
ज्ञापन में सरकार से मांग की गई है कि विद्यालय में रिक्त सभी पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरकर छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नियुक्तियां नहीं की गईं तो क्षेत्र के लोग व्यापक जनआंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और शिक्षा विभाग की होगी।




















































