लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हरिनाम संकीर्तन आज शाम 5 बजे, 7.15 बजे होगी महाआरती; सुख-समृद्धि और अच्छी वर्षा की करेंगे कामना
पादूकलां। भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अजा एकादशी के अवसर पर सोमवार को श्री श्याम मित्र मंडल विकास समिति के तत्वावधान में श्री श्याम मंदिर में धार्मिक आयोजन होंगे। इस अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार कर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
शाम 5 बजे से हरिनाम संकीर्तन का आयोजन होगा, जबकि शाम 7.15 बजे महाआरती की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
हर एकादशी पर होता है विशेष श्रृंगार
मंदिर पुजारी पंडित पुखराज शास्त्री ने बताया कि प्रत्येक एकादशी पर बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार किया जाता है। अजा एकादशी पर भी बाबा श्याम की प्रतिमा का आकर्षक श्रृंगार किया गया है। श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य, अच्छी वर्षा और भरपूर फसल की कामना करेंगे।
दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं के सिर पर बाबा श्याम का पावन मोरपंख घुमाकर आशीर्वाद भी दिया जाएगा।
भगवान विष्णु-माता लक्ष्मी की पूजा का महत्व
पंडित पुखराज शास्त्री ने बताया कि अजा एकादशी पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु पीले फूल, पीले वस्त्र और तुलसी दल अर्पित करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन अन्न का सेवन नहीं किया जाता और श्रद्धालु फलाहार या जल का उपवास रखते हैं।
श्री श्याम मित्र मंडल विकास समिति ने श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजन में शामिल होकर बाबा श्याम के दर्शन करने और धर्मलाभ लेने का आह्वान किया है।
















































