लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पेयजल परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने और नहर विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में आमजन और किसानों तक जल की उपलब्धता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पेयजल एवं सिंचाई परियोजनाओं को तय समय सीमा में नियमित मॉनिटरिंग के साथ पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री बुधवार को जल संसाधन विभाग, सिंचित क्षेत्रीय विकास विभाग और इंदिरा गांधी नहर विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पिछले दो बजटों में सरकार ने पेयजल और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं, जिनकी प्रगति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

रामजल सेतु लिंक परियोजना में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना प्रदेश की बड़ी आबादी को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने इस परियोजना के चरणबद्ध कार्यों को कार्ययोजना के अनुरूप पूर्ण जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
शर्मा ने बताया कि सीकर, चूरू और झुंझुनूं जिलों को यमुना जल उपलब्ध कराने की दिशा में भी राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है।
उन्होंने इंदिरा गांधी नहर परियोजना के विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर में गंगनहर निर्माण के 100 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं, ऐसे में इसके विस्तार और विकास के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाए।

मुख्यमंत्री ने की प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री ने देवास तृतीय एवं चतुर्थ परियोजना, अपर हाई लेवल कैनाल,
राजस्थान वॉटर सेक्टर लाइवलीहुड इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट,
बांध पुनर्वास एवं सुधार परियोजना,
परवन वृहद बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजना,
कालीतीर लिफ्ट परियोजना,
धौलपुर लिफ्ट सिंचाई एवं पेयजल परियोजना
तथा पम्प भंडारण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन एवं पर्यावरण स्वीकृतियों, एनआईटी, टेंडर, वर्क ऑर्डर और डीपीआर से संबंधित कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि परियोजनाएं निर्धारित समय पर पूरी हो सकें।
बैठक में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत सहित संबंधित विभागों और मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



















































