लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
खराब बूंदी देने की शिकायत पर जांच, एक्सपायर्ड सॉस की 400 बोतलें मौके पर नष्ट; आधा दर्जन दुकानों का निरीक्षण
कठूमर (अलवर)। (संजीव बंसल) कस्बे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की। एक उपभोक्ता की ओर से 15 अगस्त को जैन स्वीट भंडार के खिलाफ खराब बूंदी देने की शिकायत 181 पोर्टल पर दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों विश्व बंधु गुप्ता और केशव गोयल ने दुकान में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान टीम ने घेवर और पनीर के सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अधिकारियों ने दुकान संचालक को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए 15 दिन का समय दिया।
एक्सपायर्ड सॉस की 400 बोतलें नष्ट
खाद्य सुरक्षा टीम ने मोहम्मद अहमद हुसैन की दुकान का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां एक्सपायरी डेट की टमाटर सॉस और चिली सॉस की करीब 400 बोतलें मिलीं। टीम ने इन सभी बोतलों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
इसके अलावा टीम ने जोधपुर मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर वहां से गुलाब जामुन का सैंपल भी लिया। सभी सैंपलों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
आधा दर्जन दुकानों का निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कठूमर कस्बे में करीब आधा दर्जन मिठाई एवं खाद्य पदार्थों की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को खाद्य पदार्थों को खुले में नहीं रखने और उन्हें स्वच्छ कपड़े से ढककर रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य लाइसेंस को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए। टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
आगे भी जारी रहेगा निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की ओर से नियमित निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था की जांच लगातार की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी विश्व बंधु गुप्ता, केशव गोयल, जय सिंह यादव, अशोक लखेरा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


















































