उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया केसरपुरा ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण

0
102
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

स्थानीय संवाददाता – ओमप्रकाश चौधरी
पीसांगन (अजमेर) । दिया कुमारी ने रविवार को पीसांगन पंचायत समिति क्षेत्र के केसरपुरा गांव में नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान आयोजित ग्राम विकास चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न सुझाव प्राप्त किए।

उप मुख्यमंत्री जयपुर से अजमेर तक अरावली एक्सप्रेस ट्रेन से पहुंचीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोलियम पदार्थों की बचत की अपील का पालन करते हुए रेल यात्रा को प्राथमिकता दी गई है।

“केसरपुरा पंचायत भवन पूरे राजस्थान के लिए मॉडल”

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए दिया कुमारी ने कहा कि केसरपुरा का ग्राम पंचायत भवन पूरे राजस्थान के लिए एक आदर्श मॉडल है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आधुनिक और सुविधायुक्त पंचायत भवन अन्य ग्राम पंचायतों में भी बनाए जाने चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर जनसुविधाएं और विकास कार्यों के लिए मजबूत आधार तैयार हो सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है और ग्राम विकास रथ एवं ग्राम विकास चौपालों के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान भी किया जा रहा है।

कृषि क्षेत्र में नवाचार पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा दे रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि सुझाव पेटिका में प्राप्त सुझावों पर भी सरकार गंभीरता से अमल करेगी।

उन्होंने ग्रामीणों से पेट्रोलियम पदार्थों के कम उपयोग, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत अभियान में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि भारत आज विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और इसमें प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।

किसानों को तकनीकी खेती अपनाने की सलाह

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि डबल इंजन सरकार में गांव, गरीब, किसान और वंचित वर्ग के लिए ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने किसानों से तकनीक आधारित खेती अपनाने, मिट्टी की जांच करवाने और जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

उन्होंने किसानों को खेतों की मेड़ों पर स्थायी पेड़ एवं फलदार पौधे लगाने की सलाह भी दी।

जनप्रतिनिधियों ने गिनाए विकास कार्य

रामस्वरूप लांबा ने कहा कि सरकार के विकास कार्य धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। वहीं देहात भाजपा अध्यक्ष जीतमल प्रजापत ने कहा कि केसरपुरा का पंचायत भवन पूरे प्रदेश के लिए मिसाल बनेगा।

समारोह को दिनेश नायक, अर्जुन नलिया और हंसराज ने भी संबोधित किया। प्रशासक शक्तिसिंह रावत ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि मंच संचालन पूर्व प्रधान दिलीप पचार ने किया।

इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख पुखराज पहाड़िया, जिला कलेक्टर लोक बंधु, जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला, उपखंड अधिकारी राजीव बड़गूजर, तहसीलदार भागीरथ चौधरी, एडिशनल एसपी रामचंद्र चौधरी, विकास अधिकारी महेंद्र मालाकार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here