लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
2002 के बाद जुड़े मतदाताओं से मांगे जाएंगे दस्तावेज, आधार केवल पहचान का प्रमाण
नागौर, पादूकलां। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कस्बे सहित पूरे क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सर्वे का कार्य बुधवार से प्रारंभ हो गया। अभियान के पहले ही दिन बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को नए फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं और आवश्यक जानकारी एकत्रित कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) स्वयं फॉर्म की छपाई और वितरण की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर आगामी दिनों में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी।
2002 के बाद जुड़े मतदाताओं से मांगे जाएंगे प्रमाण
निर्वाचन विभाग के अनुसार वर्ष 2002 के बाद जुड़े मतदाताओं को पहचान और नागरिकता से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आधार कार्ड केवल पहचान का प्रमाण है, नागरिकता का नहीं।
अभी आवेदन जमा कराते समय किसी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं है। ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद जिन मतदाताओं के नाम 2002 की सूची में दर्ज नहीं पाए जाएंगे, उन्हें दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस भेजा जाएगा।
बीएलओ तीन बार पहुंचेंगे घर-घर
बीएलओ सुपरवाइजर इंद्रराज ने बताया कि प्रत्येक बीएलओ एक माह में तीन बार घर-घर जाकर फॉर्म उपलब्ध कराएंगे। यदि तीनों बार परिवार घर पर नहीं मिला, तो नोटिस चस्पा कर फॉर्म घर के भीतर डाल दिया जाएगा।
मान्य दस्तावेजों की सूची
एसआईआर के लिए निम्न सरकारी दस्तावेज मान्य होंगे —
-
किसी सरकारी विभाग, केंद्र/राज्य सरकार या पीएसयू द्वारा जारी पहचान पत्र अथवा पेंशन आदेश
-
1 जुलाई 1987 से पूर्व जारी सरकारी/बैंक/डाकघर/एलआईसी/पीएसयू के पहचान दस्तावेज
-
प्रमाणित प्राधिकारी द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र
-
मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालय का माध्यमिक परीक्षा प्रमाण पत्र
-
निवास प्रमाण पत्र
स्थानीय वार्डों में सक्रियता
बुधवार को कस्बे के सभी वार्डों में बीएलओ महावीर रुणवाल, गजेंद्र सिंह राठौड़, श्यामलाल, जयप्रकाश शर्मा, सुशील बेड़ा, संपतराज गोड, शिवपुरी, मेघराज सारस्वत, अकबर मोहम्मद लोहार, निंबाराम मेहरा, श्रवणराम लखारा, महेंद्र सिंह, हिम्मतपुरी, राजूराम सेन, मनिषपुरी, श्यामलाल काबरा, अनुराग टेलर सहित कई युवा और वरिष्ठ नागरिक सक्रिय रूप से अभियान में जुड़े रहे।













































