लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर:केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री एवं अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने अजमेर संसदीय क्षेत्र से जुड़े दो अहम बुनियादी ढांचा मुद्दों को लेकर आज संसद भवन स्थित अपने कार्यालय में केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों से अलग-अलग मुलाकात की। इन बैठकों में सड़क कनेक्टिविटी और किशनगढ़ एयरपोर्ट के विस्तार से जुड़ी पूर्व में रखी गई मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिस पर दोनों मंत्रियों ने सकारात्मक रुख दिखाया।
नितिन गडकरी से सड़क विकास को लेकर चर्चा
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर उन्हें पूर्व में भेजे गए पत्रों की याद दिलाई। उन्होंने अजमेर-पुष्कर घाटी मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव और लगातार हो रही दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए वैकल्पिक टनल निर्माण, सड़क चौड़ीकरण अथवा चार लेन उन्नयन की मांग दोहराई।
इसके साथ ही उन्होंने राजस्थान स्टेट हाईवे संख्या-2 (दौसा-दूदू-नागौर) को राष्ट्रीय राजमार्ग में क्रमोन्नत करने का विषय भी रखा। इस पर मंत्री नितिन गडकरी ने दोनों प्रस्तावों को लेकर शीघ्र विभागीय प्रक्रिया आगे बढ़ाने का सकारात्मक आश्वासन दिया।
किशनगढ़ एयरपोर्ट को लेकर उड्डयन मंत्री नायडू से मुलाकात
इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू से भी मुलाकात की। बैठक में किशनगढ़ हवाई अड्डे के विस्तार और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
नागरिक उड्डयन मंत्री नायडू ने किशनगढ़ एयरपोर्ट के क्षेत्रीय महत्व को स्वीकार करते हुए संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई और केंद्र-राज्य समन्वय का आश्वासन दिया। इस दौरान मंत्री चौधरी ने हाल ही में राजस्थान कैबिनेट द्वारा किशनगढ़ एयरपोर्ट विस्तार हेतु भूमि आवंटन को मंजूरी दिए जाने पर केंद्रीय मंत्री नायडू का आभार भी व्यक्त किया।
“क्षेत्र का सर्वांगीण विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता” — भागीरथ चौधरी
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि
“सड़क और हवाई संपर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होते हैं। पुष्कर घाटी मार्ग, स्टेट हाईवे-2 और किशनगढ़ एयरपोर्ट से जुड़े ये निर्णय अजमेर, पुष्कर और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे।”
उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सकारात्मक रुख से अजमेर संसदीय क्षेत्र को शीघ्र ही आधुनिक और सुदृढ़ कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।


















































