लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पुलिस कार्यप्रणाली व यातायात नियमों की मिली जानकारी
राजसमन्द (गौतम शर्मा)। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोमवार को कुंवारिया थाना परिसर में स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजसमंद पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देशन में थानाधिकारी रामचंद्र कुमावत के नेतृत्व में विद्यार्थियों को थाने का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
कार्यक्रम के तहत न्यू पब्लिक एरा स्कूल के 37, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के 51 सहित विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने थाना परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान थानाधिकारी कुमावत ने विद्यार्थियों को थाने की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए थानाधिकारी कक्ष, अनुसंधान कक्ष, मालखाना, हवालात सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण करवाया और उनके कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया और अपराधियों के खिलाफ की जाने वाली कानूनी कार्रवाई के बारे में भी समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सुरक्षा, कानून, पुलिस सेवा और पुलिस बनने की प्रक्रिया से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका थानाधिकारी ने सरल एवं सहज भाषा में उत्तर दिया। साथ ही मोबाइल व इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों के प्रकार और उनसे बचाव के उपायों पर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
थानाधिकारी कुमावत ने बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों, चाइल्ड हेल्पलाइन, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा आपातकालीन सेवा 112 के उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया। जानकारी पाकर विद्यार्थी काफी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। कार्यक्रम के अंत में तीन विद्यार्थियों को प्लेन एंबेसडर के रूप में मनोनीत किया गया।
इस अवसर पर एएसआई शंकर सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेश चंद्र वर्मा, यशपाल सिंह, कांस्टेबल भेरूलाल, पिंकेश कुमार मीणा सहित विद्यालय के शिक्षक गोविंद सिंह, प्रधानाचार्य हीरालाल सालवी, वरिष्ठ अध्यापक भगवती नंदन दाधीच, लोकेश कुमार सुहालका एवं अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।














































